पूर्व माध्यमिक विद्यालय गढ़वलिया के 12 छात्र-छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिया किया गया है। सभी चयनित छात्र-छात्राएं 9 मार्च को लखनऊ में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी झंझरी अश्वनी कुमार गुप्ता के मुताबिक 7 व 8 फरवरी को जिला स्तर पर हुई खेलकूद प्रतियोगिता में गढ़वलिया के नौनिहालों ने अपना परचम लहराया था। इसके बाद मंडल स्तर पर 10 व 11 फरवरी को हुई प्रतियोगिता में भी इन बच्चों ने प्रथम स्थान हासिल किया था।
गुरुवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में इन नौनिहालोें को सम्मानित करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां बीईओ ने इन बच्चों को पुरस्कार देकर उनकी हौसला अफजाई की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद विजय सिंह कारगिल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
बीईओ ने बताया कि विद्यालय के मोहित कुमार, शिवबहादुर, अभिषेक, अजलान, अमरजीत, अंजली, दुलारी, रीता, सरिता, एकता, मुखी व खुशबू का चयन राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी चयनित छात्र-छात्राएं 9 मार्च से लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित होने जा रही तीन दिवसीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेंगे।