जिले में जगह-जगह चोर समझकर हो रही लोगों की पिटाई से पुलिस की चुनौती बढ़ गई है। जहां लोग चोरी की अफवाहों व ड्रोन कैमरे से रेकी की बात कहकर रात-रात जाग रहे हैं। वहीं, पुलिस के लिए लोगों को सुरक्षित माहौल देना चुनौती बन गया है। बृहस्पतिवार रात एसपी विनीत जायसवाल ने खुद प्रभावित गांवों का भ्रमण किया।
एसपी ने कहा कि कई क्षेत्रों में खिलौना ड्रोन को खुफिया ड्रोन बताया जा रहा है। राहगीरों समेत अन्य लोगों को संदिग्ध बताकर पिटाई की जा रही है। किसी भी नागरिक को कानून-व्यवस्था हाथ लेने की छूट नहीं दी जा सकती है। अगर कहीं कोई संदिग्ध प्रतीत होता है तो संबंधित थाने के साथ ही अधिकारियों को तत्काल सूचना दें। इसके बाद पुलिस संबंधित से पूछताछ करेगी। एसपी ने कहा कि अगर कोई चोरी की घटना में संलिप्त मिलता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वरना राह चलते लोगों को संदिग्ध बताकर पिटाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग सामने आ रही घटनाओं को लेकर पूरी तरह से सक्रिय है। बीट सिपाही से लेकर अधिकारी क्षेत्र में निकल रहे हैं। लोगों को जागरूक करने के प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया। माना जा रहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। वहीं, ग्राम चौकीदार से लेकर सभी को सक्रिय किया गया है।