मनकापुर। होली के बाद वापसी को लेकर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। इससे मनकापुर, बभनान, कटरा शिवदयालगंज क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने बताया कि पहले से संचालित प्रयागराज रामबाग–अयोध्या कैंट होली स्पेशल ट्रेन के संचालन को बढ़ाते हुए 10 अतिरिक्त फेरे चलाए जाएंगे।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार 05140 प्रयागराज रामबाग–अयोध्या कैंट होली स्पेशल ट्रेन 11 से 20 मार्च 2026 तक प्रतिदिन प्रयागराज रामबाग से शाम 6:05 बजे रवाना होकर दूसरे दिन सुबह 4:08 बजे मनकापुर पहुंचेगी और आगे अयोध्या कैंट जाएगी।
वहीं 05139 अयोध्या कैंट–प्रयागराज रामबाग होली स्पेशल ट्रेन 12 से 21 मार्च 2026 तक प्रतिदिन अयोध्या कैंट से सुबह 8:35 बजे प्रस्थान कर सुबह 9:35 बजे मनकापुर स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन बस्ती, गोरखपुर और वाराणसी होते हुए प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 15 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें दो एलएसएलआरडी, पांच साधारण द्वितीय श्रेणी, पांच शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल होगा।