तरबगंज में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते सपाई। - स्रोत: संगठन
तरबगंज। समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन एसडीएम प्रदीप सिंह को सौंपा। इससे पहले विजय कुमार सिंह, रामभजन चौबे, मनोज चौबे, दिनेश यादव आदि एमडीबी सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में एकत्र हुए। यहां से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे।
ज्ञापन में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, 15 दिन में भुगतान, चीनी के दाम में हुई बढ़ोतरी वापस लेने और तहसील में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी समिति गठित करने की मांग की गई। इसके अलावा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच, मुफ्त सिंचाई योजना लागू करने, सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा, बाढ़ राहत में पारदर्शिता और पशुओं के टीकाकरण का मुद्दा उठाया गया। इस मौके पर कृष्ण नारायण तिवारी, साधना सिंह, धर्म सिंह, बृजेश मिश्र, रमेश तिवारी, सब्बू यादव, गुड्डू सिंह आदि मौजूद रहे।