बभनजोत में प्रदर्शन करते सपा नेता हफीज मलिक व अन्य। स्रोत: सोशल मीडिया
खोड़ारे। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के विरोध में रविवार को समाजवादी पार्टी ने पदयात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। सपा नेता हफीज मलिक की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पीडीए कार्यालय गौरा चौकी से बभनजोत ब्लॉक तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर और सिर पर गैस सिलिंडर रखकर विरोध जताया। हफीज ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। इसका सबसे अधिक असर किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का महंगाई पर नियंत्रण नहीं रहा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर इस्लाम चौधरी, रामजीत निषाद, अनिल गुप्ता, सुनील शर्मा, शशांक यादव, विजय यादव, राहुल यादव, अखिलेश यादव, मुलायम यादव, गुफरान आदि मौजूद रहे। (संवाद)