गोंडा। करनैलगंज के प्राइमरी स्कूल काशीपुर में चोरी की घटना की खबर को पुलिस अधीक्षक आरके नैय्यर ने संज्ञान में लिया है। स्कूल में शराब पीने के बाद चोरी की घटना को अंजाम देने के मामले में एसपी ने प्रभारी निरीक्षक से जवाब-तलब किया है।
एसपी ने बताया कि अमर उजाला में सोमवार के अंक में स्कूल का ताला तोड़कर चोरी की खबर को पढ़ने के बाद प्रभारी निरीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्कूल में शराब की बोतल मिलने की बात को गंभीरता से लिया है। कहा कि स्कूल में ऐसी घटना करने वालों से सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी।
प्राइमरी स्कूल काशीपुर में चोरी की घटना होने के साथ ही शराब पीनेे की शिकायत स्कूल के शिक्षकों ने की थी। स्थानीय पुलिस ने मामले को हल्के से लिया। स्कूल की चोरी के मामलों को मुहर लगाकर टरकाने वाले पुलिस के लिए यह घटना अब चुनौती बन गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्कूल शिक्षा मंदिर हैं और सरकारी स्कूलों में चोरी से बच्चों को सुविधाओं से महरूम होना पड़ता है। ऐसे में स्कूलों में किसी प्रकार की घटना को गंभीरता से लिया जाएगा।