करनैलगंज (गोंडा)। नवागत पुलिस अधीक्षक ने करनैलगंज कोतवाली की मेस में सिपाहियों के भोजन करने वाली बेंच पर बैठकर मेस का भोजन किया। जिले की सबसे अच्छी मेस व अच्छा भोजन होने पर मेस इंचार्ज को सम्मानित कर नगद पुरस्कार दिया। पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने शुक्रवार की देर शाम कोतवाली करनैलगंज का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के साथ ही एसपी ने करनैलगंज बाजार में पैदल गश्त करने के साथ-साथ व्यापारियों से पुलिस व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा नगर के व्यापारियों की दुकानों में सीसीटीवी कैमरे को चेक किया और व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरा लगवाने के लिए कहा। एसपी ने कोतवाली का गहन निरीक्षण किया। जिसमें थाना कार्यालय के अपराध रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर, मालखाना, मेस, बैरक आदि का निरीक्षण कर थाना परिसर की साफ-सफाई व लंबित विवेचनाओं के साथ प्रार्थना पत्रो का अतिशीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
हत्या, बलवा, एससी एसटी, आदि के प्रकरणों व संपत्ति, भूमि विवाद के प्रार्थना पत्रो का तत्काल निस्तारण, महिला संबंधी मामलों पर शीघ्र कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। तथा पुलिस कर्मियों को मॉस्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करते हुए सतर्कता पूर्वक ड्यूटी करने एवं कोरोना वायरस से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। थाने पर आने वाले आगंतुकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण से संबंधित निर्देश दिया। इस मौके पर सीओ मुन्ना उपाध्याय, कोतवाल राजनाथ सिंह, चौकी प्रभारी रणजीत यादव, एसएसआई विनय यादव, नागेश्वरनाथ पटेल, बृजेश गुप्ता सहित कोतवाली के सभी अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
रात्रि गश्त में लापरवाही हुई तो कार्रवाई तय
मोतीगंज। शनिवार को समाधान दिवस के बाद पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडेय ने मोतीगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। एसपी की गाड़ी मोतीगंज थाने में कब प्रवेश कर गयी इसका किसी को भनक तक नहीं चला। उन्होंने थाने पर पहुंचते ही अपराध रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, समाधान रजिस्टर, एनसीआर रजिस्टर, दलित उत्पीड़न संबंधी मामले, मेस वा महिला आरक्षियो की बैरक को भी देखा। पुलिस अधीक्षक ने इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले फरियादियों को तत्काल न्याय मिले इसमें किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रात्रि गश्त वा पिकेट ड्यूटी की हकीकत परखी जाएगी इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सिपाही से लेकर यदि थानेदार करते हैं तो उनके खिलाफ तत्काल प्रभाव से कारवाई की जाएगी।