सपा विधायकों व कार्यकर्ताओं ने रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में साइकिल रैली निकाल कर सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। नगर में उद्यान विभाग के सलाहकार कमरुद्दीन की तरफ से साइकिल रैली निकाली गई। फैजाबाद के जिगर इंटर कॉलेज से निकली साइकिल रैली सपा कार्यालय पर खत्म हुई।
पार्टी प्रवक्ता विवेकमणि श्रीवास्तव ने बताया कि रैली में शामिल लोगों ने सपा सरकार की उपलब्धियां बताईं। इटियाथोेकबाजार में मेहनौन विधायक नंदिता शुक्ला ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यहां से रैली दिखलौल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहीं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
गौरा विधानसभा क्षेत्र के छपिया ब्लॉक की ग्रामपंचायत नरायनपुर गांव में सपा नगर अध्यक्ष व ग्राम प्रधान अभय श्रीवास्तव की अगुवाई में साइकिल रैली निकाली गई। जनसभा में पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह, किस्मत अली, धर्मेंद्र सिंह, डॉ अब्दुल सलाम आदि ने सपा शासन की उपलब्धियां बताईं।
झंझरी ब्लॉक न्याय पंचायत काजीदेवर के ग्राम डड़वा दसौतिया, चकसड़, तकिया, खुटेहना, कुुदुरुरखा,कस्टुआ, छाछपारा, मुतवल्ली, सैदवापुर, काजीदेवर में कृषि मंत्री के भाई ब्लॉक प्रमुख महेश सिंह की अगुवाई में रैली निकाली गई।
उधर सपा नेता शहनवाज वारसी की अगुवाई में भी साइकिल रैली निकाली गई। पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे की अगुवाई में कौड़िया से गोपाल बाग तक साइकिल रैली निकाली गई।