मलमास के अंतिम सोमवार को पृथ्वीनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु। - संवाद
गोंडा। पुरुषोत्तम मास के अंतिम सोमवार को पंचमुखी महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही शिवभक्तों ने महादेव का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर दिनभर बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान रहा। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। इसी क्रम में क्षेत्र के सदाशिव मंदिर एवं चिंता हरण मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर में स्वयंसेवी संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं प्याऊ की व्यवस्था की। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच समाजसेवी संतोष जायसवाल व सहयोगियों ने स्टॉल लगाकर शिवभक्तों को पानी पिलाया और प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं के अनुसार, भीड़ की तुलना में मंदिर प्रशासन द्वारा पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके चलते स्वयंसेवियों का यह प्रयास काफी सराहनीय रहा।
गोंडा नगर के ऐतिहासिक दुखहरण नाथ मंदिर में सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिवभक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर में पुलिस बल मुस्तैद रहा। इसी प्रकार जिले के अन्य शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ रही।