गोंडा। जिले के सरकारी भवनों में बिजली की खपत और खर्च कम करने के लिए अब सौर ऊर्जा का सहारा लिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के 11 सरकारी भवनों की छतों पर सोलर रूफटॉप लगाए जाएंगे। शासन ने इसके लिए 55.14 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इससे संबंधित भवनों की बिजली की जरूरत का एक हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा किया जा सकेगा।
स्वीकृत कार्यों में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन गोंडा, नवाबगंज, तरबगंज, करनैलगंज, वजीरगंज और मनकापुर शामिल हैं। इसके अलावा अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग गोंडा वृत्त के कार्यालय, प्रांतीय खंड भवन, मुख्य अभियंता देवीपाटन क्षेत्र के कार्यालय और निर्माण खंड-1 व 2 के भवनों पर भी सोलर रूफटॉप लगाए जाएंगे। भवनों की क्षमता के आधार पर प्रत्येक कार्य के लिए 2.70 लाख से 8.11 लाख रुपये तक की धनराशि स्वीकृत की गई है। अब संबंधित भवनों पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के विद्युत-यांत्रिक विंग के अवर अभियंता महेंद्र कुमार ने बताया कि सोलर रूफटॉप लगने से सरकारी भवनों पर बिजली का खर्च कम करने में मदद मिलेगी।