बभनान (गोंडा)। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड पर स्थित बभनान-गौर रेलवे स्टेशन के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन के सामने कूद कर युवकों ने जान दे दी। इनमें से एक साफ्टवेयर इंजीनियर है तो दूसरे युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बभनान रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर बुधवार की रात गोरखपुर से गोंडा की तरफ जा रही मालगाड़ी के सामने कूदकर 35 वर्षीय युवक ने जान दे दी। युवक की पहचान खोड़ारे थाना क्षेत्र के तिलया गांव निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर लोचन गुप्ता (35) के रूप में हुई। लोचन के पिता रामशंकर गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा घर पर सो रहा था। देर रात वह किस समय घर से निकलकर गया, पता नहीं चल सका। जीआरपी चौकी प्रभारी मनकापुर रामस्वरूप सरोज ने बताया कि परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पहचान की है। हालांकि कारणों का पता नहीं चल सका है।
चौकी प्रभारी आरपीएफ बभनान विश्वामित्र यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को बभनान- गौर रेलवे स्टेशन के बीच रामापुर गांव के समीप गोरखपुर जा रही मालगाड़ी के आगे कूदकर 32 वर्षीय अज्ञात युवक ने जान दे दी। युवक के शरीर पर काले रंग का इनर, स्लेटी कलर की पैंट, सफेद जैकेट व जूता मिला है। बस्ती जिले की पैकोलिया थाने की पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
30 लाख रुपये के पैकेज पर फ्लिपकार्ट में करते थे नौकरी
परिजनों के मुताबिक लोचन गुप्ता फ्लिपकार्ट में 30 लाख रुपये के पैकेज पर नौकरी करते थे। उनके खुदकुशी करने से सभी अवाक हैं। अभी तक आत्महत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है।