गोंडा। विकासखंड छपिया अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय दरियापुर में गुरुवार को एक कक्ष की छत का प्लास्टर गिरने से घायल हुए बच्चों का हाल-चाल लेने के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री समाज कल्याण रमापति शास्त्री व सदर विधायक जिला अस्पताल पहुंचे। वहां पर उन्होंने इमरजेंसी कक्ष में भर्ती बच्चों से उनका कुशल क्षेम पूछा तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
समाज कल्याण मंत्री ने वहीं पर मौजूद कमिश्नर देवीपाटन मंडल को मंडल के सभी प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूलों का सर्वे कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि जर्जर भवनों में शिक्षण कार्य कतई न कराया जाय। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती सभी घायल बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि गुरुवार को जिले के छपिया ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय दरियापुर में दोपहर लगभग 12 बजे एक कक्ष का प्लास्टर अचानक गिर गया जिससे 08 बच्चे दीपक पुत्र भारत, बिट्टू पुत्री भारत, अनिकेत पुत्र वेद प्रकाश, दिव्या पुत्री राम सागर, चितरंजन पुत्र विनोद, विशाल पुत्र विनोद, निवासीगण दरियापुर तथा नितिन पुत्र सुनील पांडेय व अंशिका पुत्री घनश्याम पाण्डेय निवासीगण घनश्यामपुर ग्रंट घायल हो गए।
सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से सभी बच्चों को जिला अस्पताल रेफर उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. मधु ने बताया कि दो बच्चों को लखनऊ भी रेफर किया गया है जहां उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। इस दौरान सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश हेकाली झिमोमी, सीडीओ आशीष कुमार, सीएमओ डॉ. मधु गैरोला, एडी हेल्थ डॉ. सतीश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरूण लाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।