प्रदेश सरकार के निर्णय पर शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले के परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों को बर्तनों की सौगात दी है। जिले के प्रभारी डीएम व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकीनगर के कंपोजिट विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन कर इस योजना के प्रथम चरण में नगर क्षेत्र के छह हजार छात्र-छात्राओं को थाली व गिलास का वितरण किया। बर्तन पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मिड-डे मील खाने के लिए बर्तन घर से लाने पड़ते थे। बस्ते में थाली व गिलास रखकर लाने में बच्चों को समस्या होती थी। सरकार ने इस समस्या को देखते हुए परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहालों को थाली व गिलास देने का निर्णय लिया था।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन बच्चों को धनतेरस के दिन बर्तन वितरित करने का निर्देश दिया था। मिड-डे मील के जिला समन्वयक गणेश गुप्ता ने बताया कि पहले चरण में नगर क्षेत्र के बच्चों को बर्तन देने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए बर्तनों की पहली खेप जिले को आवंटित कर दी गई थी।
शुक्रवार को धनतेरस के दिन इन बच्चों को बर्तन वितरित करने के लिए शहर के जानकीनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में बर्तन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी जिलाधिकारी जयंत कुमार दीक्षित व बीएसए अजय कुमार सिंह ने बच्चों को थाली व गिलास का वितरण किया।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सरकार प्रोत्साहित करने के लिए निशुल्क किताब, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील व सप्ताह में एक दिन मौसमी फल व दूध देने की योजना चला रही है।
थाली व गिलास पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। जिला समन्वयक ने बताया कि पहले चरण में नगर क्षेत्र के छह हजार छात्र-छात्राओं को थाली व गिलास बांटा गया। इस मौके पर वित्त एवं लेखाधिकारी रईस अहमद, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी डॉ. रमेश चंद्र चौबे, नगर शिक्षा अधिकारी अविनाश कुमार दीक्षित, नगर समन्वयक आनंद प्रताप व विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।