मेधावियों को सम्मानित करने के लिए शासन स्तर से तरह-तरह के उपहार दिए जा रहे हैं। कन्या विद्या धन, लैपटॉप व छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रदेश सरकार मेधावियों को सम्मानित कर रही है। ये बातें डीएम राम विशाल मिश्र ने गुरुवार को एमपीपी इंटर कॉलेज सभागार में माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बैठक में कहीं।
डीएम ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को देश के नवनिर्माण की सीख दें। डीआईओएस राम सिंह ने कहा कि शासन के निर्देश पर वर्ष 2015 व 2016 में इंटरमीडिएट के मेधावियों को लैपटॉप दिया जाएगा।
राजकीय, अशासकीय व वित्तविहीन माध्यमिक स्कूलों के प्रधानचार्य अपने-अपने स्कूलों के वर्ष 2015 व 2016 में 75 प्रतिशत से अधिक अंकों से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की सूची डीआईओएस दफ्तर में शीघ्र उपलब्ध करा दें जिससे उन्हें लैपटॉप योजना का लाभ दिया जा सके।
वर्ष 2015 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होने वाले 153 और वर्ष 2016 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होने वाले 151 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया जाएगा। बैठक में कैप्टन जीपी तिवारी, प्रवीण सिंह, अशोक कुमार पांडेय सहित जिले के सभी माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।