गोंडा। पंचायत विभाग ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले छह सफाईकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। जिला पंचायत राज अधिकारी जीडी जैन ने बिना सूचना कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने पर एक सफाईकर्मी का एक दिन का वेतन रोक दिया है, जबकि पांच अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डीपीआरओ के अनुसार, विकास खंड झंझरी में तैनात सफाईकर्मी छोटका 28 जुलाई को बिना स्वीकृत अवकाश और पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। इस पर उनका 28 जुलाई का एक दिन का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत 10 जुलाई को विकास खंड मुजेहना की न्याय पंचायत दुल्हापुर बनकट में सफाईकर्मी कृष्णा सरन, अनूप कुमार सिंह, हरिहर प्रसाद, राजेश कुमार यादव और लीलावती अनुपस्थित मिले। इनको कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डीपीआरओ ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी। (संवाद)