गोंडा। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मंगलवार को सरयू नदी में डुबकी लगाने के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस सैलाब ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। विभिन्न घाटों पर छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। सरयू के कटराघाट से लेकर परसपुर के पसका और इटियाथोक के तिर्रेमनोरमा में स्नान का सिलसिला तड़के चार बजे से ही शुरू हो गया।
घाट पर स्नान करने के साथ ही मंदिरों में पूजन अर्चन की धूम रही। इसके साथ ही मेले का आयोजन भी हुआ, देर शाम तक लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया। खरीदारी की और प्रसाद ग्रहण किया। कार्तिक पूर्णिमा के दिन होने वाले स्नान का विशेष महत्व है। खासकर ग्रामीण इलाकों में लोग इस पर्व को मनाने के लिए ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान दान करते हैं। जिससे उन्हें पुण्य लाभ की प्राप्ति होती है।
इसे लेकर जिले भर के विभिन्न घाटों पर करनैलगंज के सरयूघाट, सकरौरा घाट, कटरा शहबाजपुर घाट, कचनापुर घाट, पसका त्रिमुहानी घाट, जम्बो घाट, भौरीगंज के तट पर मंगलवार को श्रद्धालुओं की काफी भीड़ मंगलवार की रात से ही जमा हो गई थी। मसकनवां में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भगवान घनश्याम महाराज की जन्मस्थली स्वामी नारायण छपिया मंदिर में मंगलवार को काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
मंदिर के सामने पवित्र नारायण सरोवर में देश-विदेश सहित कई प्रांतों से आए हरिभक्तों ने डुबकी लगाई। स्वामी नारायण मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व देव दीपावली और माता भक्तिदेवी के जन्म दिन के रूप में मनाया जाता है। जो पिछले 250 वर्षों से अनवरत मनाया जा रहा है।
वहीं बग्गीरोड के सोनबरसा मेहनौन के ईश्वरनंद कुटी व मनकापुर, बालपुर, तरबगंज व मुजेहना के कई इलाकों में भी लोगों कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर स्नान-दान कर मेले का लुत्फ उठाया। इंटियाथोक में महर्षि उद्दालक ऋषि की तपोस्थली रही मनोरमा के बारे में मान्यता है कि मनोरमा नदी का उद्गम इसी स्थान से हुआ। कहा जाता है कि जहां रमे मन वही मनोरमा। जिसका तात्पर्य मन के रमने से है। यह सप्त सारस्वत क्षेत्र में से एक माना जाता है।
सरयू घाट पर पूरे दिन लगा रहा मेला, उमड़ी आस्था
करनैलगंज (गोंडा)। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को करनैलगंज से लखनऊ लखनऊ रोड पर 3 किलोमीटर दूर सरयू नदी के स्नान तट कटरा घाट श्रद्धालुओं ने स्नान किया। पौराणिक पर्यटन स्थल सकरौरा घाट, कटरा शाहबाजपुर घाट, यमद्वितीया घाट, कचनापुर कुटी घाट पर मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे से स्नान करने वाले लोगों का तांता लग गया और दोपहर बाद तक स्नानार्थियों की भारी भीड़ घाटों पर जमा रही।
सरयू घाट पर एसडीएम ज्ञानचन्द्र गुप्ता, सीओ जितेंद्र कुमार दूबे, कोतवाल राजेश कुमार सिंह, निरीक्षक बृजेश यादव, एसएसआई बृजानन्द सिंह भारी संख्या में पुलिस, पीएसी, अर्ध सैनिक बल व महिला कांस्टेबल के साथ घाट पर जमे रहे।
हरिभक्तों ने छपिया मंदिर के सरोवर में किया स्नान
बभनान (गोंडा)। धनश्याम महाराज की जन्मस्थली स्वामीनारायण मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश-विदेश सहित क्षेत्र के हजारों हरिभक्तों ने मंदिर के सामने पवित्र नारायण सरोवर में स्नान किया। मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया गया। मेले में दूरदराज से आये हरिभक्तों के साथ स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।
मंदिर के महंत ब्रम्हचारी स्वामी वासुदेवानंद जी महराज और ब्रम्हचारी स्वामी हरिस्वरूपानंद महाराज ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान दान का विशेष महत्व है। इस अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। घनश्याम महराज का दिव्य स्वर्ण श्रृंगार किया गया। भव्य अन्न कूट, छप्पन भोग दर्शन और महा अभिषेक किया गया।
इस मौके पर शांत देवानंद महराज स्वामी कृष्ण बल्लभ दास स्वामी, देव हरि दास, उत्तम प्रिय दास, केशव प्रिय दास, रागभाई, स्वामी शांतदेवानंद, शैलेन्द्र पाण्डेय, उमेश पांडेय, चिराग भाई, माधवराम तिवारी, शैलेन्द्र तिवारी, सरजू प्रसाद, कोमल, शालिनी, रेनू पांडेय, सोमेश तिवारी आदि रहे।