मनकापुर तहसील सभागार में जनसमस्याएं सुनतीं डीएम व सीडीओ। स्रोत: सूचना विभाग
मनकापुर/गोंडा। भूमि से अवैध कब्जे को हटवाने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल को खेत गिरवी रखकर 12 हजार रुपये दिए। मगर न तो भूमि से कब्जा हटवाया और न ही पैसे वापस दे रहे हैं। ये शिकायत जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में पायर मोहना निवासी सूबेदार सिंह ने की। अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। यहां पर आई 110 शिकायतों में से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया।
मनकापुर तहसील सभागार में डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी विनीत जायसवाल और सीडीओ अंकिता जैन ने फरियादियों की समस्या सुनीं। एक बुजुर्ग ने शिकायत की कि उनके बेटे ने दूसरी बिरादरी की महिला से शादी कर ली। महिला के पहले से तीन बच्चे हैं। विरोध किया तो उसे गाली-गलौज किया और कमरे का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए बुजुर्ग महिला ने बेटे पर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान डीडीओ सुशील कुमार, एसडीएम अवनीश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. संतलाल समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व तहसील के कर्मचारी मौजूद रहे।
छाए रहे भूमि विवाद के मामले
करनैलगंज/तरबगंज/रुपईडीह। तरबगंज में एडीएम आलोक कुमार, गोंडा सदर में सीआरओ महेश प्रकाश और करनैलगंज में एसडीएम नेहा मिश्रा ने फरियादियों को सुनने के बाद समाधान के निर्देश दिए। वजीरगंज के चौखट निवासी शिव पूजन ने खलिहान, डुमरियाडीह के भवानी प्रसाद ने सरकारी ट्यूबवेल की नाली पर अतिक्रमण समेत कुल 66 शिकायतें आईं। एक मामले का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, करनैलगंज में 77 शिकायतों में से छह के समाधान के दावे किए गए हैं। सदर तहसील में भी शिकायतकर्ताओं का तांता लगा रहा।
फोर्स के साथ मौके पर जाएं अधिकारी
डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि शिकायतें सुनने के बाद समाधान के प्रयास किए गए हैं। जो मामले नहीं सुलझाए जा सके हैं। इसके लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर जाएं। साथ ही समस्या का समाधान कराएं। लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि तहसील दिवस में समस्याएं सुनने के बाद समाधान के निर्देश दिए गए हैं। सभी प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई व समस्याओं के निस्तारण के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।