फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: साहब, बहुत दौड़ चुकी हूं अब वरासत दर्ज करवा दें

Sat, 23 May 2026 11:10 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
 नवाबगंज थाने में आयोजित समाधान दिवस में ​शिकायतें सुनते थानाध्यक्ष अभय सिंह। - संवाद 
विज्ञापन
झंझरी/मुजेहना/करनैलगंज/गोंडा। कोतवाली नगर में समाधान दिवस में पहुंची सोनी हरलाल डिहवा निवासी 60 वर्षीय घिराजी देवी ने सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा के समक्ष गुहार लगाई कि साहब पति और बेटे की मौत के बाद बहुत दौड़-भाग कर चुकी हूं। अब तो वरासत दर्ज करवा दें। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने कानूनगो राजेंद्र और लेखपाल पिंकी सिंह को तत्काल तलब कर एक सप्ताह के भीतर वरासत दर्ज कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया।
विज्ञापन

कोतवाली देहात में सीओ सिटी आनंद राय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। धानेपुर थाने में एसडीएम सदर जितेंद्र गौतम और सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने शिकायतों की सुनवाई की। थाना प्रभारी गजेंद्र पांडेय ने बताया कि कुल 35 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 23 राजस्व और 12 पुलिस विभाग से संबंधित थे। करनैलगंज थाना समाधान दिवस में 17 शिकायतें आईं, जिनमें 15 राजस्व और दो पुलिस विभाग से संबंधित थीं। सभी मामलों के निस्तारण के लिए टीमों को मौके पर भेजा गया।
पैमाइश के बाद भी कार्रवाई नहीं

करनैलगंज के परसौली निवासी राम सहारे दूसरी बार शिकायत लेकर पहुंचे। बताया कि सड़क किनारे स्थित उनकी जमीन पर गांव के कुछ लोग कूड़ा डालकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। लेखपाल द्वारा पैमाइश किए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
विज्ञापन

तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप

ग्राम पैरौरी निवासी दिलीप कुमार गोस्वामी ने तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत की। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं शिवमंगल मौर्य ने भूमि विवाद में जबरन निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया।

दोबारा शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी

थाना समाधान दिवस में पहुंचे ग्राम नंदौर निवासी साधुवेशधारी अमरजीत सिंह ने नायब तहसीलदार बलराम शर्मा को बताया कि एक व्यक्ति ने आबादी की जमीन पर कब्जा कर मिट्टी की पटाई कर दी है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मधईपुर कुर्मी विजयीपुरवा निवासी देवी प्रसाद मिश्रा ने भी सरकारी भूमि पर कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।


चार साल बाद भी नहीं हटाया बिजली पोल

महंगूपुर गांव निवासी श्यामनाथ पांडेय ने बताया कि उनके घर के सामने लगा बिजली पोल और इस पर झूलते तार लगातार खतरा बने हुए हैं। वर्ष 2023 में तार में करंट उतरने से उनका नाती झुलस भी चुका है। लगातार शिकायतों के बाद भी पोल नहीं हटाया गया। शनिवार को भी समाधान दिवस में विद्युत विभाग का कोई कर्मचारी सुनवाई के लिए मौजूद नहीं मिला।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें