मुजेहना (गोंडा)। नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धनौली निवासी मो. कैफ (21) कस्बा बग्गीरोड स्थित फर्नीचर दुकान पर काम करता था। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए शनिवार दोपहर वह साथियों के साथ सरयू नहर में नहाने गया था। कैफ और उसके साथी थर्माकोल के सहारे नहर में नहा रहे थे। तभी सिंचाई विभाग द्वारा अधिक पानी छोड़े जाने के कारण अचानक तेज बहाव आ गया और कैफ बह गया। घटना के बाद उसके साथी शोर मचाते हुए मौके से भाग गए। सूचना पर धानेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को नहर में उतारकर तलाश शुरू कराई गई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। (संवाद)