गोंडा। जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के काम में तेजी आ गई है। अब तक 71 फीसदी मतदाताओं के फाॅर्म डिजिटलाइज्ड हो चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक कुल 25.52 लाख मतदाताओं में से 18.20 लाख के एसआईआर फॉर्म डिजिटलाइज्ड किए जा चुके हैं। 2.72 लाख मतदाता को सूची से बाहर किया गया है। इनमें ज्यादातर मृतक या दो जगह की सूची में दर्ज मतदाता शामिल हैं। इस तरह 82 प्रतिशत मतदाताओं की एसआईआर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। एसआईआर प्रक्रिया के लिए अधिकारियों ने बूथ-बूथ जिम्मेदारी संभाली है। मगर सर्वर धीमा होने के कारण डिजिटलाइजेशन में देर हो रही है। एडीएम आलोक कुमार ने कहा कि शत-प्रतिशत एसआईआर के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
बाहर गए मतदाताओं की जुटा रहे जानकारी
दुबहा बाजार। बीएलओ राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि अब केवल 50 मतदाता ही शेष हैं। चुरामुरा की बीएलओ पुष्पा देवी ने कहा कि घर-घर जाकर लगभग 95 प्रतिशत एसआईआर फॉर्म भरवा लिए गए हैं। जो लोग रोजी-रोटी के लिए अन्य प्रदेशों में गए हैं, उनसे दूरभाष पर जानकारी लेकर उनका भी फॉर्म भरा जा रहा है।