दुबहाबाजार। कौड़िया के जमथरा नौवन पुरवा निवासी कप्तान (16) का शव मंगलवार को गांव से 200 मीटर दूर आम के बाग की झाड़ियों में मिला है। कप्तान के गले में रस्सी कसी हुई थी और पेड़ की डाली से उसका कुछ हिस्सा लटका मिला। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक निरीक्षण में फांसी का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मृतक के चाचा त्रिलोकीनाथ ने बताया कि भतीजा कप्तान सोमवार को दो दोस्तों के साथ बाइक से चंदा पुरवा में निमंत्रण में जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक सामने से आ रहे बाइक सवार से टकरा गई। इससे तीनों को मामूली चोटें आईं, बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। निमंत्रण से दो साथी रात में लौट आए, लेकिन कप्तान नहीं लौटा। त्रिलोकी के मुताबिक दोनों ने बताया कि बाइक टूट गई थी, इसलिए डांट के डर से कप्तान कहीं चला गया। त्रिलोकीनाथ ने बताया कि तलाशने पर गांव से 200 मीटर की दूरी पर मंगलवार सुबह कप्तान का शव मिला। कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी खड़ी मिली। प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कप्तान के दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी।