गोंडा। जिले में सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसील और ब्लॉक स्तर तक शिवालयों में पूजा-अर्चना, संकीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शहर के पुरानी हनुमानगढ़ी मंदिर से बाबा दुखहरणनाथ मंदिर तक महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों और भगवान शिव के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। बाबा दुखहरणनाथ मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। डीएम प्रियंका निरंजन ने भी दुखहरण नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। सीडीओ दयानंद प्रसाद, एडीएम आलोक कुमार, आशीष त्रिपाठी, संदीप मेहरोत्रा, उमेश शुक्ल, प्रिंस चौरसिया, वंदना गुप्ता, सरिता तिवारी, अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे। इस दौरान गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
डीएम ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। जिला सूचना एवं पर्यटन अधिकारी वंदना पांडेय ने बताया कि दुखहरण नाथ और पृथ्वीनाथ समेत जिले के विभिन्न शिवालयों में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर एसडीएम सदर जितेंद्र गौतम, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र समेत अन्य अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
ग्रामीण इलाकों में भी हुआ जलाभिषेक व पूजन
मोतीगंज/धानेपुर/रुपईडीह/हलधरमऊ/पसका। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर सोमवार को काजीदेवर स्थित जुगेश्वर नाथ शिव मंदिर में विशेष पूजन हुआ। झंझरी के बीडीओ वीरेंद्र मिश्र, एडीओ पंचायत राकेश श्रीवास्तव और कहोबा चौकी प्रभारी तेज नारायण गुप्त ने भगवान शिव व हनुमान जी का पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस मौके पर रमेश कनौजिया, लाल बहादुर सिंह, नत्थेराम तिवारी आदि मौजूद रहे।
धानेपुर संवाद के अनुसार, मुजेहना के बीडीओ सत्यप्रकाश पांडेय और शिक्षकों ने गोफानाथ शिवालय में जलाभिषेक किया। इस मौके पर शिक्षक कुलदीप पाठक, राम संजीवन शुक्ल, ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
रुपईडीह के बीडीओ अभय कुमार सिंह ने सहयोगियों के साथ पृथ्वीनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर भजन-कीर्तन किया। एडीओ पंचायत गिरजेश पटेल, सचिव राधेरमण प्रजापति, राजेश चौधरी, जयचंद वर्मा, अनिल वर्मा, रमेश मिश्र आदि मौजूद रहे।
हलधरमऊ संवाद के अनुसार, बरखंडीनाथ मंदिर में बीडीओ देवनायक सिंह व एडीओ पंचायत राजेश वर्मा ने भगवान शिव का पूजन कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। महंत सुनील पुरी, सर्वेश कुमार, लव प्रकाश, जयप्रकाश गोस्वामी, रिंकू शुक्ल आदि मौजूद रहे।
पसका संवाद के अनुसार, कड़रू स्थित श्री भारेश्वर नाथ महादेव मंदिर में साफ-सफाई कर फूलों से सजावट की गई। एडीओ डॉ. अनूप सिंह चौहान व दिनेश चंद्र ने भगवान भोलेनाथ का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर अशोक तिवारी, इतेंद्र सिंह, संदीप, वंश बहादुर, राकेश आदि मौजूद रहे।