गांधी पार्क से जागरूकता रैली को रवाना करती अपर निदेशक स्वास्थ्य व अन्य। स्रोत: विभाग
गोंडा। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 11 विभागों के सात हजार कर्मचारी घर-घर दस्तक देकर बीमारों का ब्योरा जुटाएंगे। रविवार को गांधी पार्क से जागरूकता वैन व रैली निकालकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया।
अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अल्पना रानी गुप्ता व सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की अगुवाई में 11 विभागों के करीब सात हजार कर्मचारी मिलकर संचारी रोगों की रोकथाम के तरीके बताएंगे। जगह-जगह साफ-सफाई व छिड़काव कराया जाएगा। अभियान के दूसरे चरण में 11 अक्तूबर से आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर बीमार लोगों का ब्योरा जुटाएंगी। डॉ. अल्पना ने कहा कि जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) व एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम (एईएस) को प्रभावी ढंग से काबू करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में वायरस व बैक्टीरिया जनित बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, कृषि एवं सिंचाई और पशुपालन विभाग सहित 11 विभागों के सात हजार कर्मचारी सहयोग करेंगे। इनमें 3,516 आशा व 3200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। ये सभी घर-घर जाकर सर्वे करके संक्रामक रोग से ग्रस्त लोगों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को देंगे। ताकि बीमार लोगों का समय से उपचार कराया जा सके।