मनकापुर। विकास खंड परिसर में मंगलवार को दिव्यांगजन पंजीकरण एवं सहायक उपकरण वितरण के लिए शिविर लगा। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे, जहां उनका पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
शिविर में अब्दुल, पुनीत, मुस्कान सोनी, राधेश्याम, पवन कुमार समेत 46 दिव्यांगजन पात्रों का पंजीकरण किया गया। जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल, वॉकर, बैसाखी, रोलाटर, एयर मैट्रेस सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। शिविर में मौजूद कर्मचारियों ने लाभार्थियों के आवेदन पत्र, प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर उनका विवरण दर्ज किया।
शिविर के दौरान ब्लॉक प्रमुख जगदेव चौधरी ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीओ गौरीशा श्रीवास्तव, एडीओ समाज कल्याण धीरेंद्र प्रताप सिंह, अनिल मांझी, मुकेश कुमार, वैभव कुमार, अशोक सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।