कलेक्ट्रेट में आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देते सीडीओ दयानंद प
गोंडा। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में सहायिका के 594 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है। सोमवार से सभी ब्लॉकों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। शनिवार को जिला मुख्यालय पर सीडीओ दयानंद प्रसाद ने पांच चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर इसकी शुरुआत की थी। हालांकि, 131 पद अब भी खाली रह गए हैं। इन पदों पर दोबारा विज्ञापन जारी कर चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिले में 3,095 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनसे करीब 2.40 लाख बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। सहायिका के रिक्त भरने के लिए नवंबर में 725 पदों पर विज्ञापन जारी किया गया था। आवेदन आने के बाद विभाग ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की। प्रक्रिया पूरी होने पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने 594 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि 131 पदों पर चयन नहीं हो सका। इनमें कई पद ऐसे हैं, जिनके लिए आवेदन ही नहीं आए। कुछ पदों पर विज्ञापन में गांव के नाम आदि में गड़बड़ी के कारण भी चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। ऐसे पदों के लिए जल्द दोबारा विज्ञापन जारी किया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को सोमवार से संबंधित ब्लॉकों में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए सभी सीडीपीओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभाग ने रिक्त पदों को भरने के लिए भी तैयारी शुरू कर दी है।
एक नजर में
725 सहायिका पदों पर निकली थी भर्ती
594 अभ्यर्थियों का हुआ अंतिम चयन
131 पद अब भी खाली
3095 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित
2.40 लाख बच्चे हो रहे लाभान्वित