शहर के काली भवानी मंदिर में हवन-पूजन करते श्रद्धालु। - संवाद
गोंडा। नवरात्र की अष्टमी पर बृहस्पतिवार को मां महागौरी की पूजा-अर्चना कर सौभाग्य, धन संपदा और परिवार की खुशहाली की कामना की गई। कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया और दक्षिणा दी गई।
चैत्र नवरात्र में मां भगवती के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। पंडित डॉ. संतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि माता का यह स्वरूप धन धान्य, गृहस्थी, सुख और शांति प्रदान करने वाला है। महागौरी सृष्टि का आधार हैं। महागौरी ही अक्षत सुहाग की प्रतीक देवी हैं।
शहर के काली भवानी मंदिर, खैरा भवानी मंदिर मंदिर, पटमेश्वरी माता मंदिर, वाराही देवी मंदिर आदि देवी मंदिरों में माता की पूजा-अर्चना करने वालों का तांता लगा रहा। घरों और मंदिरों में हवन किया गया। घरों में कन्याओं का पूजन कर भोजन कराया गया। बस स्टेशन के समीप मां भगवती मंदिर में उर्मिला श्रीवास्तव और उमेश श्रीवास्तव की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें रेखा भाटिया, मोना भाटिया, रूबी चावला, साक्षी अरोड़ा, अमिता, शोभा सोनी, गरिमा भाटिया आदि श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। जितेंद्र भाटिया ने बताया कि नवमी के दिन हवन-पूजन के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पथवलिया में सम्मय माता मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया। कलाकार गोविंद तिवारी ने मां की महिमा का बखान किया।
मां भगवती जागरण आज
कटरा बाजार। नवयुवक सेवा समिति कि ओर से शुक्रवार को कस्बे के श्री हनुमान गढ़ी मंदिर के बगल रामलीला मैदान में मां भगवती जागरण का आयोजन किया गया है। आयोजक मंडल के सदस्य निकेश रस्तोगी ने बताया कि रामनवमी के दिन जागरण में फतेहपुर से मां उजली देवी सेवा समिति जागरण ग्रुप की ओर से मां की महिमा का गुणगान किया जाएगा। (संवाद)
शहर के काली भवानी मंदिर में हवन-पूजन करते श्रद्धालु। - संवाद