गोंडा। अयोध्या में 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर गोंडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कटरा शिवदयालगंज से पुराने सरयू पुल के रास्ते अयोध्या जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार को वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने की तैयारी की है।
पुलिस के अनुसार बहराइच, बलरामपुर और गोंडा से पुराने सरयू पुल के रास्ते अयोध्या जाने वाले वाहनों को लकड़मंडी तिराहे से लोलपुर-मनकापुर मार्ग से भेजा जाएगा। इसके लिए सभी प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
अयोध्या की सीमा गोंडा से सटी होने के कारण यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा का घेरा मजबूत किया गया है। सभी बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अयोध्या से जुड़े सभी मार्गों पर सघन चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी, होटलों की जांच और सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने पर रोक लगाई गई है। पुराने सरयू पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जाएगी।
अयोध्या में लगाई गई अतिरिक्त ड्यूटी
एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए सीओ सदर शिल्पा वर्मा की ड्यूटी अयोध्या में लगाई गई है। इसके अलावा जनपद से 12 उपनिरीक्षक, 24 आरक्षी और तीन महिला आरक्षियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।