गोंडा। 11 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु ट्रेनों से यात्रा कर बाबा भोलेनाथ के विभिन्न मंदिरों में जाकर जलाभिषेक करते हैं। जिले से गोरखपुर व बढ़नी जाकर श्रद्धालु बाबा बैजनाथ धाम जाने के लिए ट्रेन पकड़ते हैं। गोंडा से इंटरसिटी से वाराणसी जाकर जलाभिषेक करते हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त चंद्र मोहन मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल की अतिरिक्त टीम गोंडा, बस्ती, बलरामपुर व बढ़नी रेलवे स्टेशन पर लगाई जाएगी। इन स्टेशनों पर आने-जाने वाली ट्रेनों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट ने कहा कि 11 जुलाई से नौ अगस्त तक सावन माह के दौरान भक्तों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की जाएगी। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल को कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए हैं। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने गोंडा समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशन पर सादी वर्दी में जवानों को तैनात करने का निर्णय लिया है। बताया कि ट्रेनों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी ख्याल रखा जाएगा।