मोतीगंज। अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलनरत ग्राम पंचायत सचिवों ने बुधवार को साइकिल से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर शासकीय कार्य निपटाए। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कनौजिया ने बताया कि झंझरी के इमिलिया गुरदयाल में लाल बहादुर सिंह, झंझरी में अरुण सिंह, गिर्द गोंडा में खेमराज वर्मा तथा परेड सरकार में मुकेश राव साइकिल से पहुंचे। बताया कि सरकार द्वारा सचिवों को बिना अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए उनके निजी मोबाइल और सिम से ऑनलाइन हाजिरी ली जा रही है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी सचिव 15 दिसंबर को अपने डोंगल विकासखंड में जमा कर देंगे। वहीं पसका संवाद के अनुसार, ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में परसपुर विकास खंड के सचिवों ने भी साइकिल से अपने क्षेत्र का दौरा किया। सचिवों ने कहा कि कई पंचायतों का प्रभार होने के कारण निर्धारित समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं है।
सचिवों को विकास कार्य में तेजी लाने के निर्देश
तरबगंज। बीडीओ रवि गुप्त बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय में सचिवों के साथ बैठक कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सचिवों को दो-दो पीएम सौर ऊर्जा लाभार्थियों का चयन, गोशालाओं में पन्नी और कैमरा लगाने, हरे चारे की व्यवस्था, आंगनबाड़ी केंद्रों की रंगाई-पुताई और फैमिली आईडी बनाने सहित विभिन्न कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में संजय कुमार, सौरभ पांडेय, नितीश श्रीवास्तव, अजीत गुप्त व नरेंद्र आदि उपस्थित रहे।(संवाद)