गोंडा। जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में प्रशासन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में 26 नये कोरोना मरीज जिलेभर में सामने आये हैं। अब कोरोना मरीजों की जिले में संख्या बढ़कर 1226 हो गई है। इनमें से 752 एक्टिव मरीज हैं। अब तक 458 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। सेंटरों पर 119 कोरोना संक्रमित ही भर्ती किये गये हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरी कृपाल में इस समय एक भी मरीज भर्ती नहीं हैं। पूर्व सीएमओ कार्यालय के तीन कर्मचारी जो कि कोरोना संक्रमित पाये गये थे वो अब निगेटिव हो चुके हैं, लेकिन अभी उन्हें क्वारंटीन रखा गया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही स्वास्थ्य विभाग की तीनों टीमें कोरोना संक्रमितों के लिए फिर से काम करने लगेंगी। मौजूदा समय में जिले में 16 क्लस्टर और 112 कंटेनमेंट जोन एक्टिव हैं। वहीं, लगभग 16 लोगों की कोरोना से अब तक जिले भर में मौत हो चुकी है।
मुजेहना ( गोंडा )। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना पर बड़ी संख्या लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक मिश्र ने बताया कि सोमवार को एंटीजन टेस्ट के तहत 62 व आरटीपीसीआर के तहत 19 सैंपल लिए गए। एंटीजन जांच के तहत शीर बनकट के रहने वाले 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह युवक सर्दी जुखाम बुखार व खांसी की शिकायत लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आया था। संदेह के आधार पर जांच की जांच की गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। संक्रमित युवक को लेवल वन हॉस्पिटल में एडमिट करने की कार्यवाही की जा रही है। इसकी कांट्रैक्ट हिस्ट्री ट्रैस कर हर संभव कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को थोड़ी राहत वाली स्थिति रही। हालांकि, टीमों को अलर्ट रखा गया है। बराबर कोरोना संक्रमितों की खबर लेते रहने के निर्देश दिये गये हैं।
डॉ. मधु गैरोला, मुख्य चिकित्साधिकारी