गोंडा। वजीरगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत धनेश्वरपुर में तैनात सफाईकर्मी शोभाराम यादव को तीन नोटिस का जवाब नहीं देने पर निलंबित कर दिया गया है। उन पर करीब एक माह तक गांव से अनुपस्थित रहने और सफाई कार्य नहीं करने की शिकायत मिली थी। प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी जीडी जैन ने बृहस्पतिवार को निलंबन का आदेश जारी किया।
विज्ञापन
विभागीय जानकारी के अनुसार, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), वजीरगंज की ओर से सफाईकर्मी को 19 जून, 30 जून और नौ अक्तूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबन अवधि में सफाईकर्मी को जिला मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), कटरा बाजार को सौंपी गई है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।