गोंडा। पूर्व प्रधान को फंसाने के लिए खुद अपने ही ऊपर फायरिंग करवाने वाले पुजारी अतुल बाबा उर्फ सम्राट दास को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सीजेएम अदालत में पेेश किया। जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना इटियाथोक क्षेत्र के तिर्रेमनोरमा के रामजानकी मंदिर की 120 बीघा भूमि को लेकर तिर्रेमनोरमा के पूर्व ग्राम प्रधान अमर सिंह से विवाद चल रहा था। 11 अक्तूबर की रात मंदिर परिसर में पुजारी अतुल बाबा उर्फ सम्राटदास को गोली मार दी गई थी। मंदिर के महंत सीतारामदास ने पूर्व ग्राम प्रधान अमर सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दो आरोपियों दरोगा सिंह व भयाहरण सिंह को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद पुलिस ने खुलासा किया कि पुजारी पर हमले की साजिश में मंदिर के महंत, पुजारी समेत मौजूदा ग्राम प्रधान विनय सिंह, उनके बेटे व अन्य लोग शामिल थे। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अतुल बाबा उर्फ सम्राट दास को इलाज के दौरान ही कस्टडी में ले लिया था। ग्राम प्रधान विनय सिंह का आरोपी बेटा सूरज सिंह फरार है।