गोंडा। सिंगहाभोज गांव के रहने वाले युवक की हत्या मामले में तूल पकड़ लिया है। हत्या आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिवार के लोग शव न जलाने पर अड़ गए। परिवार के लोगों की नाराजगी की जानकारी मिलते ही सीओ तरबगंज व प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे। सीओ और प्रभारी निरीक्षक ने परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर वे आरोपी की गिरफ्तारी होने तक शव न जलाने की जिद पर अड़े रहे।
हालांकि बाद में सीओ के समझाने पर परिवार के लोगों का गुस्सा शांत हुआ और शव जलाने को मान गए। अब गुजरात से रिश्तेदारों के आने के बुधवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि थाना तरबगंज क्षेत्र के सिंगहा भोज निवासी पुष्पेंद्र पांडेय उर्फ सुनील पांडेय (25) पुत्र सोमनाथ पांडेय की रविवार की देर शाम उस समय चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी जब वह अपनी मां का इलाज कराने सिंगहा चौराहा आया था। सुनील की मां लीलावती ने बेटे की हत्या का आरोप अपने भाई पर लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी।
पुलिस ने हत्या आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापा मारना शुरू कर दिया था मगर आरोपी का सुराग नहीं लग सका। हत्या आरोपी की गिरफ्तारी न होने से मंगलवार को सुनील की मां समेत परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और गिरफ्तारी होने तक शव को न जलाने पर अड़ गए।
इसकी जानकारी मिलते ही सीओ तरबगंज महावीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत यादव मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर परिवार के लोग गिरफ्तारी की मांग पर ही अड़े रहे। हालांकि सीओ के समझाने पर बाद में परिवार के लोग मान गए।
सीओ ने बताया कि परिवार के कुछ लोग गुजरात से नहीं आ सके हैं। अब बुधवार की सुबह गुजरात से रिश्तेदारों के आने का बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सीओ तरबगंज महावीर सिंह ने बताया कि सुनील पांडेय की बाइक बरामद कर लग गई है।
पुष्पेंद्र पांडेय उर्फ सुनील पांडेय की हत्या के आरोपी की तलाश में पुलिस टीम मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुई है। हत्या के बाद यहां से फरार हुए आरोपी के मोबाइल फोन को पुलिस ने सर्विलांस पर लिया तो उसका लोकेशन मध्यप्रदेश में मिला है। इसलिए पुलिस टीम मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।