गोंडा। शनिवार को जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील तरबगंज में जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही की अध्यक्षता में हुआ। जहां पर उन्होंने विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के साथ जन शिकायतें सुनीं।
ग्राम पथार डिक्सिर निवासी कमलेश तिवारी ने शिकायत किया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय तिवारी बाजार के प्रधानाध्यापक राम प्रकाश द्वारा स्कूल का भवन बनवाए बिना ही साढ़े सात लाख रुपये का भुगतान कर दिया है। डीएम ने बीएसए को निर्देशित किया कि वे प्रकरण की जांच कर लें, तथा दोषी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराएं। धनौली निवासी विजय प्रताप ने बताया कि उसके गांव में स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। डीएम ने प्रकरण की जांच खंड शिक्षा अधिकारी तरबगंज तथा नायब तहसीलदार को सौंपी हैं। फत्तेपुर कटरा दयालगंज निवासी अधिवक्ता जगदम्बा मौर्य ने प्रार्थना पत्र दिया कि राशन कार्ड बना हुआ है परंतु आज तक उसके द्वारा राशन नहीं लिया गया। कोटेदार द्वारा उसके परिजनों के नाम से राशन निकाल लिया गया है। डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
लंबित शिकायतों की समीक्षा की तो ज्ञात हुआ कि तहसील तरबगंज में कुल दस शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। डीएम ने लंबित सभी शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि तहसील अंतर्गत 80 वर्ष व उससे अधिक उम्र वाले सभी मतदाताओं का सूची के अनुसार शत-प्रतिशत सत्यापन करा लें। तरबगंज में क्षेत्रीय विधायक प्रेम नारायण पांडेय तथा तहसील सदर में प्रतीक भूषण सिंह ने भी जो शिकायतें सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। तहसील सदर में गैरहाजिर नौ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए हैं। डीएम ने तहसील तरबगंज परिसर में नए जेनसेट का उद्घाटन किया।
एसडीएम तरबगंज कुलदीप सिंह, सीओ संसार सिंह राठी, डीएफओ आरके त्रिपाठी, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष सोनी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रवीन्द्र सिंह राठौर, तहसीलदार पैगाम हैदर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व फरियादी उपस्थित रहे।
शिकायती पत्र छीनने वाले लेखपाल को डीएम ने फटकारा
तरबगंज। जिले के आला अधिकारी तरबगंज में समाधान दिवस में जन शिकायतें सुन रहे थे। तभी दबंग लेखपाल शिकायत कर्ताओं से प्रार्थना पत्र ही छीन ले रहा था। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने के बाद डीएम ने लेखपाल को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए हैं। तरबगंज तहसील के बगल स्थित ग्राम पंचायत नरायनपुर में लेखपाल नरेंद्र बहादुर सिंह की तैनाती है।
इसी ग्राम पंचायत के निवासी रामचंद्र का आरोप है कि उससे पट्टा करने के लिए पांच हजार ले लिए गए लेकिन पट्टा नहीं हुआ। इसी गांव के दलित छोटेलाल का आरोप है कि उससे पट्टा करने के नाम पर छह हजार लिए गए। ना पट्टा मिला ना रुपए वापस मिल पा रहा है। इसी गांव के अजय कुमार का आरोप है कि उसकी विरासत पैसा ना मिलने के कारण नहीं दर्ज हो पा रही है।