गोंडा। गांधी पार्क स्थित टाउनहाॅल में शनिवार को यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेले का समापन किया गया। इसमें उद्यमियों, दुकानदारों तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया।
डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है, बल्कि महिलाओं के स्वावलंबन एवं कारीगरों को नई पहचान भी मिलती है। उद्योगों के विस्तार को लेकर जिला प्रशासन कई स्तर पर प्रयास कर रहा है। इसके आधार पर रणनीति तय की जाएगी।
तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने कहा कि यह मेला जनपद के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार की मंशा है कि उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए। स्थानीय उत्पादों को बेहतर मंच मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
उपायुक्त उद्योग बाबूराम ने बताया कि इस मेले में लगभग 38 लाख रुपये की बिक्री दर्ज की गई, साथ ही 22 लाख रुपये के ऑर्डर भी दुकानदारों एवं उत्पादकों को प्राप्त हुए, जिससे स्थानीय व्यापार को गति मिली है। कार्यक्रम में एडीएम आलोक कुमार, खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्र, जसवंत लाल सोनकर, नीरज मौर्य, राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
इनका हुआ सम्मान
मेले के समापन पर मनीषा मिश्रा, जोगिंदर यादव, उर्मिला गुप्ता, मधु वर्मा, कुलदीप मिश्र, अभिषेक मिश्र, बच्चाराम, अजय मिश्र, अर्चना द्विवेदी, अंकित पाल, नेहा श्रीवास्तव, पूजा शर्मा, अनीता तिवारी, पूजा बंसल, प्रीति यादव, सुमन मौर्य, शेषराम चौहान, बालकेश्वर मिश्र, रंजना शुक्ला, विनीता तिवारी के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया।