चौक बाजार में रेनकोट खरीदते लोग। - संवाद
गोंडा। लगातार हो रही बारिश से रेनकोट और छातों की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। इस बार सिर्फ बारिश से बचाव ही नहीं, बल्कि फैशन भी ग्राहकों की पसंद तय कर रहा है। पारदर्शी, जैकेट स्टाइल, लॉन्ग कोट और टू-पीस रेनकोट की मांग सबसे अधिक है। कॉलेज जाने वाले युवा, नौकरीपेशा लोग और दोपहिया वाहन चालक छाते की बजाय रेनकोट खरीदना ज्यादा सुविधाजनक मान रहे हैं।
कई दिन से लगातार हो रही बारिश के बाद रेनकोट की बिक्री में करीब दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। महिलाओं और बच्चों के लिए भी आकर्षक डिजाइन बाजार में उपलब्ध हैं। चौक बाजार के दुकानदार राजेश बताते हैं कि पहले लोग केवल बारिश से बचने के लिए रेनकोट खरीदते थे, लेकिन अब ग्राहक डिजाइन, ब्रांड और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं। पारदर्शी और स्पोर्ट्स लुक वाले रेनकोट सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।
रानीबाजार के कारोबारी विकास के अनुसार दोपहिया वाहन चालकों में टू-पीस रेनकोट की मांग सबसे अधिक है। उनका कहना है कि तेज हवा में छाता संभालना मुश्किल होता है। ऐसे में रेनकोट सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प साबित हो रहा है।
एकता चौक के पास के दुकानदार नसीम ने बताया कि साधारण रेनकोट 250 से 500 रुपये, बेहतर गुणवत्ता वाले 700 से 1,200 रुपये और प्रीमियम ब्रांडेड रेनकोट 1,500 रुपये तक उपलब्ध हैं। वहीं अच्छी गुणवत्ता वाले फोल्डिंग छाते 300 से 700 रुपये तक बिक रहे हैं।