डीएम प्रीति शुक्ला के निर्देश पर जिले के चार शिक्षा क्षेत्रों के 34 स्कूलों का जनपद स्तरीय अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में ताला लटकने व बिना सूचना के नदारद मिलने पर 14 स्कूलों के 20 शिक्षकों का वेतन व तीन शिक्षामित्रों का मानदेय काटकर जवाब तलब किया गया है। खामियां मिलने पर संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों को पांच स्कूलों की जांच करने का निर्देश दिया गया है। एक सप्ताह में संतोषजनक जवाब न मिलने संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रभारी बीएसए एमपी सिंह ने मंगलवार को बताया कि 20 अगस्त को डीएम की गठित जिला स्तरीय अधिकारियों की टीमों ने गैसड़ी, पचपेड़वा, बलरामपुर व तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्रों के 34 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सदवापुर में ताला लटकता पाया गया। प्राथमिक विद्यालय वीरपुर में शिक्षक महेश कुमार दूबे व शिक्षामित्र सपना सिंह बिना किसी प्रार्थना पत्र दिए स्कूल से नदारद मिले।
स्कूल में 17 अगस्त को दूध का वितरण भी नहीं किया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बघेलखंड प्रथम में एक शिक्षक बिना सूचना के गैर हाजिर मिला। प्राथमिक विद्यालय मदरहवा में शिक्षक बृजराज व अशोक कुमार गौतम नदारद मिले और छात्रों की उपस्थिति भी कम मिली। प्राथमिक विद्यालय झौव्वा में छात्रों की संख्या शून्य, एमडीएम संचालन ठप और शिक्षक रामचंद्र व शिक्षामित्र अनुराधा गैर हाजिर मिलीं। प्राथमिक विद्यालय रतनपुर में शिक्षिका सरोज चौधरी नदारद मिलीं। बलरामपुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय फरेंदा द्वितीय में शिक्षिका पूजा भारती व शिक्षामित्र सविता सिंह नदारद मिलीं।
पचपेड़वा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कटियाभारी प्रथम व द्वितीय में अवधेश, मसीहा खातून व सुलक्षणा अनुपस्थित मिलीं। प्राथमिक विद्यालय गौराभारी प्रथम व द्वितीय में शिक्षक राकेश कुमार व संजय कुमार अनुपस्थित पाए गए। प्राथमिक विद्यालय धनरखपुर हाटी में दो को छोड़कर अन्य शिक्षक गायब मिले। प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर जुड़वनिया शिक्षक राहुल व शिक्षामित्र विनीता त्रिपाठी नदारद मिले। प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय तिलकहना में शिक्षक अवधेश कुमार गैर हाजिर मिले।
तुलसीपुर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुग्गानगर में अब्दुल रहमान व रवींद्र अनुपस्थित पाए गए। स्कूलों से नदारद मिले शिक्षकों का वेतन और शिक्षामित्रों का एक-एक दिन का मानदेय काटा गया है। प्राथमिक विद्यालय वीरपुर गैसड़ी, प्राथमिक विद्यालय रनियापुर द्वितीय गैसड़ी, प्राथमिक विद्यालय सुग्गानगर प्रथम तुलसीपुर व प्राथमिक विद्यालय छीतरपारा प्रथम तुलसीपुर में खामियां मिलने पर खंड शिक्षाधिकारियों को जांच कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।