ग्राम प्रधानों द्वारा किये जा रहे उत्पीड़न तथा राज्य कर्मचारी का दर्जा दिये जाने को लेकर ग्राम रोजगार सेवक अब लामबंद हो गए है। सोमवार को रोजगार सेवकों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर सीएम को संबोधित ज्ञापन ब्लॉक कर्मी विजयपाल सिंह को सौंपा।
तुलसीपुर ब्लॉक मुख्यालय कौवापुर में रोजगार सेवकों को संबोधित करते हुए रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश वर्मा ने कहा कि ग्राम विकास में मानदेय पर तैनात रोजगार सेवक 10 वर्षों से अहम भूमिका निभा रहे हैं।
न्यूनतम मानदेय पाने के बावजूद रोजगार सेवक अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कर रहे हैं। आए दिन रोजगार सेवकों को ग्राम प्रधानों की मनमानी व उत्पीड़न का शिकार होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के उपरांत रोजगार सेवकों ने अपनी मांगों से संबंधित तथा मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन ब्लॉक कर्मी विजयपाल सिंह को सौंपा। ज्ञापन मे मांग न माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेेतावनी भी दी गई है।
इस अवसर पर आशीष सिंह, केदारनाथ, राजन सिंह, अविनाश, गणेश कौशल, निशा मिश्रा व पुष्पा यादव समेत तमाम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
बलरामपुर, उतरौला, रेहरा बाजार, गैड़ास बुजुर्ग समेत जिले के सभी ब्लाकॅों में रोजगार सेवकों ने अपनी मांगों के समर्थन में ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन ब्लॉक के एडीओ पंचायतों को सौंपा है।
बलरामपुर में ग्राम रोजगार सेवक संघ के ब्लाकॅ स्तरीय पदाधिकारी वरुण कुमार वर्मा, राजीव शुक्ला, उमाशंकर शुक्ला, अनिल मिश्रा, धीरेन्द्र सिंह, पुंडरीक तिवारी, अनूप सिंह, आशीष मिश्र, मारुत सिंह व संतोष यादव आदि ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीओ पंचायत को सौंपा।