गोंडा। कोतवाली करनैलगंज के बालपुर चौकी के निकट रेरुवा पुल के पास शुक्रवार की भोर में एक रोडवेज बस आगे जा रही ट्रक में जा घुसी। इसमें सवार यात्रियों व चालक समेत दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार की भारे करीब साढ़े चार बजे कानपुर से आ रही गोंडा डिपो की बस ट्रक के पीछे घुस गयी। बताया जाता है कि ट्रक भी गोंडा की तरफ आ रही थी। एक ही लेन में दोनों वाहन रफ्तार में थे। अचानक मवेशी के सामने आने से ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाई और बस चालक बस को कंट्रोल नहीं कर सका और बस ट्रक में जा घुसी।
टक्कर से बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बस में आगे ही ओर बैठे यात्री व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। बालपुर चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहाँ सभी का ईलाज चल रहा है।
चौकी प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे कानपुर से आ रही गोंडा डिपो की बस की रेरुवा पुल के पास ट्रक में पीछे से टक्कर हो गई। इसमें ट्रक चालक पंकज पाठक, थाना धानेपुर निवासी परशुराम मिश्र, वजीर मोहमद, निर्मल शुक्ल, राधा, रमेश कश्यप, परवीन, धीरेंद्र सिंह, संजीव सिंह व अजय सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गये।
चौकी के सिपाही अनुज अवस्थी व जगेश्वर गौड़ ने जेसीबी बुलाकर सभी घायलों को बस से बाहर निकलवाया तथा सभी घायलों को पुलिस ने अपने वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आसपास के लोगों ने बताया कि ट्रक के आगे अचानक जानवर आ जाने से ट्रक चालक ने एकाएक ब्रेक मार दिया जिससे पीछे आ रही बस भिड़ गई।