गोंडा। आठ साल पहले शादी के बाद ससुराल में पति से हुई कहासुनी के बाद पत्नी अपने मायके चली गई। तभी से वह मायके में ही रह रही थी। इस बीच पत्नी ने पति को अपने मायके बुलाया और उसके साथ ससुराल जाने को राजी हो गई। मगर पति ने पत्नी को ले जाने से इंकार करते हुए तीन तलाक दे दिया। मामले में पीड़ित पत्नी ने थाना मोतीगंज में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर मौजा राजापुर परसौरा की रहने वाली साजिदा बानो ने थाना मोतीगंज में शुक्रवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहाकि उसकी शादी 13 अप्रैल 2013 को सलमान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी ग्राम चंदीपुर टपरा थाना तरबगंज के साथ हुई थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही पति से कहासुनी हो गई थी। जिसपर वह अपने मायके चली गई थी। साजिदा ने बताया कि 22 सितम्बर 2020 को उसने अपने पति को मायके बुलाया और उससे कहा कि वह उसी के साथ रहेगी।
आरोप है कि उसका पति सलमान उसे अपने साथ ले जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पति ने उसकी पिटाई करते हुए तीन तलाक दे दिया। साजिदा का आरोप है कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। प्रभारी निरीक्षक मोतीगंज अशोक सोनकर ने बताया कि साजिदा बानो की तहरीर पर सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव को सौंपी गई है।