देर रात मंगलवार को जिले में तेज गरज चमक के साथ हुई बारिश के चलते नगरीय क्षेत्रों के लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। किसानों ने खेती का काम तेज कर दिया है।
बारिश के चलते सड़कों पर जगह-जगह हुए जलभराव व कीचड़ के चलते लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। मंगलवार देर रात हुई बारिश के चलते बलरामपुर नगर में जगह-जगह नालियों का गंदा पानी भर गया। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग के निकट मैदान जलभराव के कारण तालाब बन गया है।
नाली का गंदा पानी जमा होने के कारण आसपास के लोगों को बदबू का सामना करना पड़ रहा है। नई बस्ती, तुलसीपार्क, खलवा, पूरबटोला, पहलवारा, चिकनी व गोविंद बाग आदि मोहल्लों में भी बारिश के चलते लोगों को जलभराव से भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
हालांकि बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। किसानो ने धान की खेती का काम तेज कर दिय है। खेतों में नमी होने के चलते किसान दलहनी फसलो की बुआई की भी तैयारी कर रहे है। उतरौला नगर में भी बारिश के चलते लोगों को गंदगी व जलभराव का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे पर पानी भरने के कारण सड़क तालाब बन गई है। नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से नालों व नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था चाक-चौबंद करने की मांग की है। बारिश के चलते सादुल्लाहनगर, रेहरा बाजार, श्रीदत्तगंज, हरैया बाजार व मथुरा बाजार आदि में सड़कों पर कीचड़ व पानी जमा होने से लोगों को भारी असुविधा हो रही है।