गोंडा। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को शहर के गुरुनानक चौराहे से जागरूकता रैली निकाली गई। एसपी विनीत जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, पुलिसकर्मी, होमगार्ड व पीआरडी जवानों ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।
रैली दुखहरण नाथ मंदिर होते हुए कोतवाली नगर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा को लेकर जागरूक किया। एसपी ने वाहन चालकों एवं छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय यही है कि हम सभी स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। बताया कि यातायात माह में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें प्रचार-प्रसार अभियान, सेमिनार, स्कूल कॉलेजों में गोष्ठियां, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता एवं जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान जनजागरूकता के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन, अतिक्रमण व अवैध पार्किंग के विरुद्ध निरंतर प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत, सीओ सिटी आनंद राय, नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इन बातों का रखें ख्याल
वाहन चलाते समय मोबाइल अथवा इयरफोन का प्रयोग न करें
नाबालिगों का वाहन चलाना पूरी तरह से वर्जित है।
दोपहिया वाहन चालक एवं पीछे बैठी सवारी को हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य है।
निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना व निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चलाना दंडनीय अपराध है।
दाएं-बाएं मुड़ते समय इंडिकेटर का प्रयोग करें।
दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी न बैठाएं।
वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें।
वाहनों के आगे एवं पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगाना आवश्यक है।
एंबुलेंस एवं फायरब्रिगेड वाहनों को जाने के लिए तुरंत रास्ता दें।
नशे अथवा मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं।
वाहन चलाते समय स्टंट न करें।
सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करें और यूपी 112 पर सूचना दें।