मंडलायुक्त कार्यालय में एलईडी पर प्रदर्शित वाद। -संवाद
गोंडा। राजस्व अदालतों में मुकदमों की सुनवाई के दौरान वादकारियों को अपनी बारी जानने के लिए अब बार-बार पेशकार और अहलमद के पास नहीं जाना पड़ता। देवीपाटन मंडल में आयुक्त, अपर आयुक्त प्रथम और अपर आयुक्त द्वितीय की अदालतों के बाहर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इन पर संबंधित तिथि में सुनवाई के लिए नियत मुकदमों का विवरण प्रदर्शित होता रहता है।
पीठासीन अधिकारी जिस मुकदमे की सुनवाई कर रहे होते हैं, उससे संबंधित जानकारी स्क्रीन पर पीले रंग में टिमटिमाती रहती है। इससे अदालत के बाहर प्रतीक्षा कर रहे वादकारियों को अपने मुकदमे की स्थिति और सुनवाई की बारी जानने में सहूलियत मिल रही है।
राजस्व अदालतों में मुकदमों की सुनवाई के लिए बड़ी संख्या में लोग कमिश्नरी पहुंचते हैं। पहले उन्हें अपनी बारी को लेकर अनिश्चितता रहती थी। अब वादकारी अदालतों के बाहर बेंच पर बैठे-बैठे एलईडी स्क्रीन पर अपने मुकदमे से संबंधित जानकारी ले सकते हैं। इससे उन्हें बार-बार कर्मचारियों से पूछताछ नहीं करनी पड़ती। खासकर दूसरे जिलों के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले वादकारियों के लिए यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो रही है।
व्यवस्था पारदर्शी बनाने का प्रयास : मंडलायुक्त
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि राजस्व अदालतों में तकनीक का उपयोग बढ़ाने का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और जनसुलभ बनाना है। एलईडी स्क्रीन से वादकारियों को अपने मुकदमों की सुनवाई की बारी जानने में सुविधा मिल रही है। प्रयास है कि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें समयबद्ध तरीके से न्याय मिल सके।