गोंडा। रामापुर के रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक रामलोचन की हत्या जमीन की रंजिश को लेकर हुई थी। पुलिस ने मंगलवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया है। पकड़े आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया है।
थाना कौड़िया क्षेत्र के रामापुर गांव के रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक रामलोचन मिश्र सात जुलाई की रात घर में खाना खाने के बाद सो गए थे। देर रात दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे कुछ लोगों ने उनकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। मामले में रिटायर्ड शिक्षक के बेटे रघुनाथ मिश्र ने थाना कौड़िया में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक माह पंद्रह दिन बाद हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों उमेश तिवारी, राधेश्याम तिवारी, अलगू तिवारी व अशोक मिश्रा को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी रिटायर्ड शिक्षक के गांव के ही रहने वाले हैं।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि रिटायर्ड शिक्षक रामलोचन से उनकी जमीन की रंजिश चल रही थी। इसी को लेकर उन सभी ने मिलकर रिटायर्ड शिक्षक को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और सात जुलाई की रात छत के रास्ते उनके घर में घुसकर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कौड़िया मनोज कुमार सिंह, कांस्टेबल सत्येन्द्र सिंह, शैलेन्द्र यादव, अयोध्या प्रजापति, श्वेत यादव, प्रियंका सिंह शामिल रहे।