नवाबगंज। दत्तनगर में जमीन और रुपयों के विवाद में पत्नी की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार करने का मामला सामने आया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करनैलगंज के फत्तेपुर कोटहना निवासी प्रदीप सिंह ने बताया कि उनकी बहन पूजा (42) की शादी दत्तनगर निवासी सतीश सिंह से हुई थी।
आरोप है कि सतीश शराब के नशे में अक्सर पूजा की पिटाई करता था। उसकी गलत हरकतों से परेशान होकर उसके पिता राजबाबू ने अपनी जमीन में सतीश का हिस्सा बहू पूजा और दोनों पौत्रों सत्यम व शिवम के नाम कर दिया था। उन्होंने कुछ रुपये पूजा के नाम फिक्स डिपॉजिट और बैंक खाते में जमा कराए थे। आरोप है कि इन्हीं रुपयों और जमीन को लेकर सतीश अक्सर विवाद करता था।
इसी के चलते उसने सोमवार को बहन की हत्या कर दी और आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।