गोंडा। अनियमित शिक्षक भर्ती में जिले के इंटर कालेजों की जांच ईओडब्लू कर रही हैं। इसमें कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह के प्रबंधन वाले कॉलेज भी जांच के दायरे में हैं।
ईओडब्लू की जांच शुरू होने से जिले में खलबली मच गई है। इसमें तीन इंटर कालेजों की जांच पर हाईकोर्ट से रोक लग गई है। हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता गिरीश चंद्र वर्मा ने बताया कि हाईकोर्ट ने जांच पर रोक लगा दी है। जांच एजेंसी ने कॉलेज को नोटिस जारी किया था, जिस पर रोक के लिए याचिका दाखिल की गई थी।
हाईकोर्ट में डीएवी इंटर कालेज के उदय प्रताप सिंह ने जांच रोके जाने की याचिका दाखिल की थी। इस इंटर कालेज के प्रबंधक सांसद बृजभूषण शरण सिंह हैँ। ईओडब्लू की ओर की जा रही जांच पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। इससे कालेज के शिक्षकों के साथ ही प्रबंधक को भी राहत मिली है।
इसी तरह राजेंद्र नाथ लाहिड़ी इंटर कॉलेज डुमरियाडीह के शिक्षक श्याम प्रकाश त्रिपाठी ने याचिका दाखिल की थी। इसके प्रबंधक रमेश प्रताप सिंह हैं और पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू जनता इंटर कालेज के प्रबंधक हैं।
जिसकी जांच रोकने के लिए शिक्षक रवि प्रकाश सिंह ने याचिका दाखिल की थी। इन दोनो कालेजों की जांच भी हाईकोर्ट ने रोक दी है। शिक्षक नेता स्वयं प्रकाश शुक्ल ने बताया कि जांच के नाम पर शिक्षकों को परेशान किया जा रहा था। वह शिक्षक हित में सदैव प्रयास करते रहेंगे।