गोंडा। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में खून की कमी को देखते हुए युवाओं ने रक्तदान कर अनमोल जिंदगियां बचाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यालय पर रविवार की सुबह से युवाओं में रक्तदान की होड़ लगी रही। युवाओं के जुनून ने अब तक का 91 यूनिट रक्तदान करने का रिकॉर्ड बना डाला। वहीं, जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में भारतीय किसान यूनियन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में आठ लोगों ने रक्तदान किया।
रविवार को झंझरी विकासखंड चौराहा स्थित राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यालय पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संगठन के जुड़े युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक शिविर में कुल 91 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर लोगों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया। संस्था से जुड़े पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह रहा।
शिविर में परिषद के संस्थापक आनंद विक्रम सिंह, गोपाल सिंह, आशीष गुप्ता, दीपक सिंह, मनीष सिंह, दिवाकर विक्रम सिंह, ओम प्रकाश यादव विवेक श्रीवास्तव, अजय मिश्र, प्रदीप सिंहा समेत 91 युवाओं ने रक्तदान किया। ब्लड बैंक सहायक इंचार्ज प्रभाकर सिंह ने बताया कि अब तक एक दिन में सर्वाधिक 88 यूनिट रक्तदान किया गया था, लेकिन आज 91 यूनिट रक्तदान पूरा हो जाएगा। इससे अब एक दिन में सर्वाधिक रक्तदान 91 यूनिट हो जाएगा।
भाकियू के आठ पदाधिकारियों ने किया रक्तदान
भारतीय किसान यूनियन की ओर से चौधरी महेंद्र सिंह टिकैट कीपुण्यतिथि पर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यूनियन के आठ पदाधिकारियों ने रक्तदान किया। यूनियन के प्रदेश सचिव ओम प्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष वंशराज वर्मा, संगठन मंत्री हरिभान यादव, दयाराम वर्मा, मनोज उपाध्याय, रोमन शुक्ल, टेक बहादुर वर्मा, शिवशंकर वर्मा ने रक्तदान कर जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।