जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को हुए रोचक मुकाबले में सपा प्रत्याशी रामवती ने जीत दर्ज की। रामवती ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 10 मतों से शिकस्त दी। तीसरे निर्दलीय व भाजपा समर्थित प्रत्याशी शीला देवी को छह वोट पाकर संतोष करना पड़ा। तीन मत अवैध घोषित कर दिए गए।
कुल 40 डीडीसी सदस्यों में से 39 सदस्यों ने मतदान किया। एक सदस्य ने वोट नहीं डाला। मतदान के समय वह लापता रहा। लापता डीडीसी सदस्य के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया है।
गुरुवार को प्रात: 11 बजे कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या 27 में जिला पंचायत अध्यक्ष पद का मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। चुनाव मैदान में कुल तीन प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे थे।
तीन बजे तक चले मतदान में कुल 40 डीडीसी सदस्यों में से 39 ने मतदान किया। मतदान के बाद चुनाव प्रेक्षक आकाशदीप की देखरेख में मतगणना शुरू हुई।
करीब पौने चार बजे परिणाम घोषित कर दिया गया। इसमें सपा प्रत्याशी रामवती ने 20 मत पाकर जीत दर्ज की। निर्दलीय उम्मीदवार तथा डॉ. अनुराग यादव द्वारा समर्थित जगरानी को मात्र 10 मतों से ही संतोष करना पड़ा। तीसरी निर्दलीय उम्मीदवार भाजपा समर्थित शीला देवी को मात्र छह मत मिले।
तीन मत अवैध घोषित कर दिए गए। सपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा होते ही सपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। कलेक्ट्रेट गेट पर जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव, सपा जिलाध्यक्ष ओंकार नाथ पटेल, महासचिव इकबाल जावेद आदि ने नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रामवती का फूल मालाओं से स्वागत किया और गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकालकर खुशी जाहिर की।
कोयलरा डीडीसी वार्ड के सदस्य जनार्दन उर्फ ननके वर्मा मतदान के दौरान लापता रहे। प्रशासन के लोग तीन बजे तक उनका इंतजार करते रहे।
ननके वर्मा का मोबाइल भी बंद था। ननके वर्मा कहां थे, इस बात की जानकारी किसी को नहीं थी। एक बार कुछ लोग ननके वर्मा के परिजन बनकर मीडिया को बयान देकर गुमराह करने तो पहुंचे, लेकिन पुलिस को देखते ही वह गायब हो गए।
ननके वर्मा के भाई विचित्र वर्मा ने सीओ सिटी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि ननके वर्मा बुधवार शाम को ही घर से निकले थे। वे कहां गए हैं। इसकी न तो हमें जानकारी है और न ही इससे हमें कोई दिक्कत है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को होने वाले मतदान के दौरान पूरा कलेक्ट्रेट परिसर छावनी में तब्दील रहा है।
कलेक्ट्रेट जाने वाले हर रास्ते पर पुलिस बैरियर लगाकर आने-जाने वालों की गहनता से छानबीन कर रही थी। वोटर व उनके सहायक के अलावा मतदान के दौरान अन्य किसी को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया।
बैरियर के बाहर सपाई तथा विपक्षी उम्मीदवारों के समर्थकों का हुजूम लगा जमा रहा। लोग मतदान की स्थिति तथा परिणाम जानने के लिए काफी उत्सुक दिखे।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में गुरुवार को 39 में से नौ सदस्यों ने सहायकों के सहारे मतदान किया। मतदान के दौरान डीडीसी सदस्य अलीउल्लाह के सहायक महबूब आलम बने।
निर्दलीय प्रत्याशी जगरानी का वोट सहायक ननकन प्रसाद ने डाला। डीडीसी सदस्य हाजिरा ने मोहम्मद वसीम, हबीबुनिशा ने मोहम्मद वसीम, रेशमा ने नुरुल हसन, गीता देवी ने राकेश यादव, विमला ने बच्चाराम, पुष्पा सिंह ने टोप सिंह तथा अनीता देवी ने सहायक धीरज का सहयोग मतदान के लिए लिया।