परसपुर (गोंडा)। नगर पंचायत स्थित रामलीला ग्राउंड को सजाने संवारने की कवायद तेज कर दी गई है। राज्य वित्त से 21 लाख रुपये की लागत से वार्ड-तीन राजपुर उत्तरी स्थित रामलीला ग्राउंड का कायाकल्प व सुंदरीकरण कराया जाएगा।
मंगलवार को चेयरमैन प्रतिनिधि वासुदेव सिंह व अधिशासी अधिकारी उपेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कायाकल्प के तहत रामलीला मैदान के तीन तरफ छोटी दीवार बनवाकर मिट्टी पटवाया जाएगा, ताकि ग्राउंड में पानी न रुके। ग्राउंड के चारों तरफ पैथ वे (इंटरलॉकिंग) का निर्माण कराया जाएगा। लोगों व कलाकारों के बैठने के लिए चबूतरा, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम-लक्ष्मण, लंकापति रावण, सीता वाटिका व हनुमान आदि के सिंहासन का निर्माण कराया जाएगा। बताया कि ग्राउंड के चारों तरफ पिलर बनवाया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका सदुपयोग किया जा सके। इसके साथ ही इस स्थली का हर तरह से सुंदरीकरण करवाने का प्रयास किया जाएगा। कई दशकों से रामलीला मैदान उपेक्षित पड़ा है। करीब 50 वर्षों से रामलीला का मंचन होता चला आ रहा है।
मैदान काफी नीचा हो गया है। बारिश के दिनों में जलभराव हो जाता है। कलाकारों को रामलीला का अभिनय करने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मैदान पर अतिक्रमण होने से सिकुड़ गया है। नगर पंचायत ने राज्य वित्त से 21 लाख रुपया की लागत से रामलीला ग्राउंड का सुंदरीकरण, कायाकल्प कराये जाने की घोषणा की है। जिससे कलाकारों के साथ अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।