झंझरी/गोंडा। जिले के इटियाथोक, देहात और नगर कोतवाली क्षेत्र में एसपी ने देर रात पांच उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। पिछले दिनों देहात कोतवाली के खोरहंसा चौकी इंचार्ज गोपाल सिंह को लाइनहाजिर करने के बाद इटियाथोक थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार गुप्ता को खोरहंसा चौकी प्रभारी बनाया गया, जबकि इटियाथोक थाना में तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र कनौजिया को एसएसआई इटियाथोक बनाया गया है।
इसके साथ ही उपनिरीक्षक केदारराम के लाइन हाजिर होने के बाद नगर कोतवाली के सिविल लाइन खाली चल रही थी। एसपी ने छपिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह को चौकी प्रभारी सिविल लाइन की जिम्मेदारी दी है। इसी तरह तरबगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक शुभम दूबे को नगर कोतवाली के गुरुनानक चौकी का प्रभारी बनाया गया है। यहां चौकी प्रभारी पर लगातार डग्गामार वाहन संचालन में मिलीभगत के साथ ही रोजवेज कर्मचारियों ने कई गंभीर आरोप लगाए थे, इसके बाद एसपी ने कार्रवाई की है। इसके साथ ही देहात कोतवाली के धीतेंद्र सिंह को चौकी प्रभारी पथरी बाजार की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी विनीत जायसवाल ने लापरवाही व मनमानी करने वाले चौकी प्रभारियों को हटाने के बाद नवीन तैनाती दी है।